MLA Keshav Desai : विधानसभा में सवाल लगाने पर विधायक को मिली धमकी
MP News : भिंड जिले की गोहद विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक केशव देसाई ने कहा है कि ग्वालियर के एपिल हास्पिटल में आयुष्मान कार्ड के जरिए फर्जीवाड़े की शिकायत मिली थी, इससे जुड़ा सवाल विधानसभा में पूछने पर मुझे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके लिए माखन जाटव हत्यकांड का हवाला दिया गया। माखन भी विधायक थे, जिनकी हत्या कर दी गई थी।
देसाई ने बताया कि धमकी देने वाला डॉ. अमित यादव व्यापमं घोटाले का मास्टर माइंड रहा है। एपिल हास्पिटल डॉ. यादव का ही है। उन्होंने बताया कि मैंने इसकी शिकायत नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से भी की है। देसाई हरिभूमि से बात कर रहे थे। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को उनके पास अंकित यादव नाम के शख्स का फोन आया तो उसने बताया कि वह डॉक्टर अमित यादव का भाई है। उसने ही डॉ. अमित यादव से फोन पर बात कराई थीे।
विधायक भी नहीं तो फिर कौन सुरक्षित: सिंघार
पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह का कहना है कि डॉ. अमित यादव वही शख्स है जिस पर व्यापमं घोटाले के मास्टरमाइंड होने का आरोप है। उसके द्वारा गोहद विधायक देसाई को जान से मारने की धमकी देना बेहद गंभीर। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि गोहद के कांग्रेस विधायक केशव देसाई को विधानसभा में सवाल पूछने पर जिस अंदाज में धमकाया गया, वो गंभीर मामला है। ग्वालियर के एपिल हॉस्पिटल के संचालकों पर तत्काल कार्रवाई होना चाहिए। जब जनप्रतिनिधियों को ही सवाल पूछने पर धमकी मिलने लगी, तो समझा जा सकता है कि मप्र में कानून व्यवस्था की स्थिति कैसी है। सरकार को कार्रवाई करना चाहिए।
What's Your Reaction?

