Cloth Bag ATM : भोपाल में मशीन में सिक्का डालते ही निकलेगा कपड़े का थैला
Cloth Bag ATM : राजधानी में पॉलिथीन पर प्रतिबंधित लगाया है। शहर की बाजारों में पॉलिथीन उपयोग करने पर भारी जुर्माने का प्रावधान है। पॉलिथीन के स्थान पर लोग जरूरत पड़ने पर बाकायदा कॉटन बैग का उपयोग कर सकें, इसलिए भोपाल नगर निगम ने पॉलिथीन का विकल्प ढूंढ निकाला है और प्रथम चरण में न्यूमार्केट सहित भोपाल के 10 स्थानों पर पहली बार क्लाथ बैग एटीएम इंस्टॉल कर रही है।
इसी के चलते शुक्रवार को महापौर मालती राय,नगर निगम परिषद अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने न्यूमार्केट व्यापारी महासंघ अध्यक्ष नानक सिंह दुआ, पार्षद आरती राजू अनेजा, पार्षद बृजुला सचान सहित मार्केट के व्यापारियों की मौजूदगी में क्लाथ बैग एटीएम मशीन का शुभारंभ किया। जिसमें मार्केट में बिना थैला लिए खरीदारी करने पहुंंचने वाले ग्राहकों को पॉलिथीन की झंझट से मुक्ति मिलेगी और क्लाथ बैग एटीएम मशीन 10 रुपए का सिक्का डालते ही कपड़े का थैला प्राप्त हो जाएगा।
निगम की अनूठी पहल: सूर्यवंशी
भोपाल नगर निगम परिषद् अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने बताया कि राजधानी को पॉलिथीन मुक्त बनाने के प्रयास में यह निगम की अनूठी पहल है। नगर निगम ने जना बैंक के सहयोग से प्रथम चरण में न्यूमार्केट सहित शहर विभिन्न 10 स्थानों में यह क्लाथ बैग एटीएम मशीन स्थापित की जा रही है।
कहां लगी कितनी मशीने
सूयवंशी ने बताया कि न्यूमार्केट में दो क्लाथ बैग एटीएम मशीन बजरंग चौक और क्वालिटी रेस्टारेंट के पास लगाई गई है, जबकि बोट क्लब-जोन 21 में एक, संजोग अपार्टमेंट, कोलार रोड-जोन 18 में 1 मशीन, प्रगति पेट्रोल पंप, एमपी नगर-जोन 1 में एक मशीन, बिट्टन मार्केट-जोन 1 में एक मशीन, दस नंबर मार्केट-जोन 1 में एक मशीन, उड्ड के सामने-जोन 8 में एक मशीन, चंचल स्वीट्स-जोन 01 और विजय मार्केट- जोन 14 में एक-एक क्लाथ बैग एटीएम मशीन लगाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि झोला एटीएम वेंडिंग मशीन को इस तरह बनाया गया है कि 10 रुपए सिक्का डालकर इससे झोला प्राप्त किया जा सकता है।
बाजार में नजर आएंगे कपड़ों के झोले
नगर निगम भोपाल की इस अनूठी पहल पर न्यूमार्केट व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष नानक सिंह दुआ ने कहा कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए सड़कों में जनता से प्लास्टिक मुक्त के लिए नगर प्रशासन की यह सराहनीय पहल है। बाजार में अब कपड़ों के झोले नजर आएंगे। बाजारों और सड़कों पर कपड़े के झोले को लेकर जनता को जागरूक किया जा रहा था।
What's Your Reaction?

