MP Congress : सरकार को घेरने कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज, चौधरी शामिल होंगे

09 Mar, 25
 0  57
MP Congress : सरकार को घेरने कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज, चौधरी शामिल होंगे

MP Congress : मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र हंगामेदार होने के आसार हैं। दस मार्च से शुरू हो रहे बजट सत्र को लेकर कांग्रेस खास रणनीति पर काम कर रही है। इसे लेकर रविवार शाम को विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी शामिल होंगे। बैठक में बजट सत्र को लेकर पार्टी अपनी रणनीति को अंतिम रूप देगी। साथ में मध्य प्रदेश कांग्रेस किसान संघ का प्रदर्शन भी 10 मार्च को होगा। 

प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए भी मंथन होगा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री (वित्त) जगदीश देवड़ा 12 मार्च को बजट पेश करेंगे। बजट लगभग 4 लाख करोड़ से अधिक का होगा। दस मार्च को राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण से शुरू होगा। सरकार 11 मार्च को आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत करेगी। 

कांग्रेस इस सत्र में सरकार को भ्रष्टाचार, सौरभशर्मा, परिवहन घोटाला, अपराध, दलितों पर अत्याचार, घोटालों और माफिया राज जैसे मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना रही है। कांग्रेस द्वारा आदिवासी, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। इसके पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की ओर से मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि घोटाले, अपराध, दलितों पर अत्याचार, माफिया राज से जुड़े मामले के कोई भी सबूत उनके पास कोई सबूत है, तो वह भेजें, ताकि इन्हें विधानसभा के पटल पर उठाया जा सके। 

सत्र का बहिष्कार करना चाहिएः सिंह 

बजट सत्र के छोटा होने पर सियासत गरमा रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक अजय सिंह ने कहा मेरा मानना है कि सत्र का बहिष्कार करना चाहिए। 1956 से आज तक कोई भी बजट सत्र 10 दिन का नहीं हुआ। उन्होंने सवाल पूछा कि 10 दिन में आप कौन से विभाग पर कौन से बजट पर चर्चा करेंगे। बजट सत्र 15 दिनों तक चलेगा और इसमें 9 बैठकें आयोजित होगी। मध्य प्रदेश विधानसभा का पिछला सबसे लंबा बजट सत्र 2001 में 76 दिन तक चला था, जिसमें 27 बैठकें हुई थी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow